गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गो तस्कर अतीक अहमद घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, खोखा कारतूस, फावड़ा और गोमांस के अवशेष बरामद हुए हैं। मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। नोनहरा थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरार के सिवान में गोमांस से संबंधित अभियुक्त मौजूद हैं और बचे हुए अवशेष को दबाने की फिराक में हैं। नोनहरा पुलिस टीम बताए गए स्थान के करीब पहुंची। पुलिस की आहट सुनकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से देशी तमंचे से एक राउंड फायर किया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में संतुलित जवाबी कार्रवाई करते हुए फायर किया, जिससे बदमाश अतीक अहमद के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल गाजीपुर भेजा गया है। अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य अभियुक्त मौके से भागने में सफल रहे। गिरफ्तार/घायल अभियुक्त की पहचान अतीक अहमद के रूप में हुई है। बरामदगी में 01 देशी तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 01 फावड़ा और गोमांस के अवशेष शामिल हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
23 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






