गाजीपुर। गाजीपुर कांग्रेस पार्टी ने नोनहरा कांड के पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिलने पर आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में पूछा है कि मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकर्ता की पुलिस पिटाई में हुई मौत के बाद सीएम योगी जी के आश्वासन के बाद अबतक स्वर्गीय सियाराम उपाध्याय के परिवार को नौकरी क्यों नहीं मिली है और दोषी पुलिस कर्मियों पर कोई कार्यवाही क्यों नहीं हुई है, नेताओं ने पूछा कि एसआईटी जांच भी बैठी थी उसका क्या हुआ, एफआईआर तक सार्वजनिक नहीं हुई, क्यों?
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की पुलिस पिटाई से हुई मौत के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सबसे पहले उनके घर घर पहुंच कर आवाज उठाए थे, उसके बाद माननीय मुख्यमंत्री यूपी ने पीड़ित परिवार से मिलकर जो आश्वासन दिया था, उस पर इतने दिन बीत जाने के बाद क्या हुआ, यह एक बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि अभी जम्मू कश्मीर के एलजी साहब भी पीड़ित के घर गए थे लेकिन सिर्फ आश्वासन देकर चले आए, पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा ये एक बड़ा सवाल है जो भाजपा सरकार की भ्रष्ट कार्यप्रणाली को उजागर करती है।
वहीं उन्होंने गाजीपुर में एसआईआर के संबंधित अधिकारियों से पारदर्शिता और ईमानदारी से पात्र मतदाताओं का नाम बिना छूटे अंकित किए जाने की बात कही और मांग किया कि बीएलओ या संबंधित कर्मी हर घर में जाकर सही तरीके से सभी मतदाताओं को फॉर्म दें और उन्हें जोड़ें क्योंकि ये प्रक्रिया लोकतंत्र की रीढ़ है। उन्होंने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई पर भी सरकार से सवाल किया।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने शहर में सीवर के नाम पर खुले आम हो रहे भ्रष्टाचार और खराब गद्दायुक्त सड़कों, गंदगी, जाम नालों की भी समस्या उठाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग की, उन्होंने कहा कि तहसील और पुलिस थानों में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया पर कहा कि कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, इसके लिए प्रशासन को ईमानदारी से कार्य करना चाहिए। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने बेमौसम बरसात से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि किसानों को नुकसान भरपाई और मुआवजा अब तक नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ गया है, जिस पर रोक लगनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो एक बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रेस वार्ता के दौरान प्रमुख रूप से अजय कुमार श्रीवास्तव चंद्रिका सिंह हामिदअली कुसुम तिवारी सतीश उपाध्याय मंसूर जैदी ओम प्रकाश यादव शबीहूल हसन अखिलेश यादव आशुतोष गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।






