Breaking News

Foto

ब्लॉक बाराचवर की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

गाजीपुर। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ग्रामीण विकास संस्थान, गाज़ीपुर द्वारा नेहरू स्टेडियम, गाज़ीपुर में बालिका कबड्डी टूर्नामेंट 2026 का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को खेलों के माध्यम से प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा समाज में बालिकाओं के अधिकारों, समान अवसरों और सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सरिता अग्रवाल (अध्यक्ष, नगर पालिका गाज़ीपुर) एवं  शमीम अब्बासी (संस्था प्रमुख, ग्रामीण विकास संस्थान) द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित जनसमुदाय एवं प्रतिभागी बालिकाओं को शपथ ग्रहण भी कराया गया, जिसमें बाल विवाह के विरुद्ध एकजुट होकर जागरूकता फैलाने तथा बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान हेतु प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया। इस बालिका कबड्डी टूर्नामेंट में ब्लॉक बाराचवर, रतनपुरा तथा सदर ब्लॉक मनिहारी से कुल 12 टीमों ने सहभागिता कर अपने-अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। नेहरू स्टेडियम में उपस्थित दर्शकों ने लगातार तालियों और उत्साहवर्धक नारों के माध्यम से प्रतिभागी टीमों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था की असिस्टेंट डायरेक्टर फरहीन अब्बासी ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि ग्रामीण विकास संस्थान वर्ष 1989 से महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा कुल 8 जनपदों में कार्य किया जाता है, जहाँ “हमारी बेटियां हमारा गौरव” कार्यक्रम के माध्यम से किशोरी सशक्तीकरण, संवैधानिक मूल्यों पर जन-जागरूकता एवं समुदाय स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन हेतु प्रयास किए जाते हैं। साथ ही, संस्था के महिला स्वावलंबन कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं पर जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाया जाता है। कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रही नेहा राय (डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, प्रोबेशन ऑफिस) ने अपने संबोधन में कहा कि हमें समाज में लड़का और लड़की के बीच भेदभाव नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब बालिकाओं को बराबरी के अवसर मिलते हैं, तभी वे अपनी प्रतिभा और क्षमता को पूरी तरह दिखा पाती हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित कई विशिष्ट अतिथियों एवं अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए महत्वपूर्ण संदेश दिए। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सीमा पाठक (चेयरपर्सन, सीडब्लूसी गाज़ीपुर), देवाशीश (मेंबर, सीडब्लूसी), कपिल देव (उपनिदेशक, नेहरू युवा केंद्र गाज़ीपुर), सुभाष प्रजापति जी (मेंबर, नेहरू युवा केंद्र), संजय सोनी जी (जिला प्रोबेशन अधिकारी), सुभाष चंद्र सरोज जिला विकास अधिकारी, अरविंद यादव (क्रिड़ा अधिकारी,), दिलीप कुमार (जिला युवा कल्याण अधिकारी), वन स्टॉप सेंटर प्रियंका सहित अन्य अधिकारियों ने अपनी बात रखी तथा कबड्डी में भाग ले रही बालिका खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। टूर्नामेंट के दौरान मैच बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे। शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लॉक बाराचवर की “नई उड़ान टीम” ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रतनपुरा ब्लॉक की “इंदिरा गांधी टीम” ने द्वितीय स्थान और मनिहारी ब्लॉक की “रानी लक्ष्मीबाई टीम” ने तृतीय स्थान हासिल कर सम्मान प्राप्त किया। विजेता टीमों को संस्था द्वारा पुरस्कार के रूप में- प्रथम पुरस्कार रू0 5000/-, द्वितीय पुरस्कार रू0 3000/-, तृतीय पुरस्कार रू0 2000/-के साथ में प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण कपिल देव द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीण विकास संस्थान की टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजन में एचआर/एडमिन शाकिर , अर्शी फातिमा, फरहीन, सबा अब्बासी, फैजान अहमद, आमिर, साजिद सहित संस्था टीम एवं तीनों ब्लॉकों के ब्लॉक मोबिलाइजेशन कोऑर्डिनेटर्स की सक्रिय भूमिका रही। वहीं कमेंटेटर जफर अकील एवं विमलेश तिवारी द्वारा कबड्डी मुकाबलों की रोचक, सटीक एवं प्रेरक कमेंट्री कर खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ाया गया। कार्यक्रम का संचालन सबा अब्बासी एवं संतोष त्रिपाठी द्वारा प्रभावी रूप से किया गया। अंत में संस्था प्रमुख द्वारा कार्यक्रम के समापन की घोषणा करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें