Breaking News

Foto

अखिलेश यादव अंग्रेजो के एजेंट है- रवीन्द्र जायसवाल

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया है। उन्होंने अखिलेश यादव को अंग्रेजों और अमेरिका का एजेंट बताया और आरोप लगाया कि वह देश को पीछे ले जाना चाहते हैं।

गाजीपुर में प्रेस वार्ता के दौरान, योगी कैबिनेट में स्वतंत्र प्रभार मंत्री जायसवाल ने कहा कि अखिलेश यादव जातिगत जनगणना की बात कर देश को तोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्रांतिकारी मंगल पांडे के विद्रोह के बाद अंग्रेजों ने भारत को कमजोर करने के लिए जातियों और वर्णों में बांटा था, और अखिलेश यादव उसी नीति को आगे बढ़ा रहे हैं।

मंत्री ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव 'पीडीए' की बात कर देश को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि अखिलेश यादव अंग्रेजों और अमेरिका के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। बिहार चुनाव में महागठबंधन की जीत से जुड़े एक सवाल पर जायसवाल ने दिल्ली चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि यह महागठबंधन नहीं, बल्कि 'महाठगबंधन' है, जो वहां भी बुरी तरह फ्लॉप हो जाएगा।

सपा की स्टार प्रचारकों की सूची में आजम खान के नाम पर उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है, सपा में गुंडे और अपराधी उनके हीरो होते हैं, जबकि योगी सरकार ऐसे लोगों को जेल भेजती है।

इसी दौरान मंत्री रविंद्र जायसवाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर एक जन-जागरण अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य 'अखंड भारत से आत्मनिर्भर भारत' की भावना को बढ़ावा देना है। बाईट-रवीन्द्र जायसवाल,मंत्री यूपी।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें