ग़ाज़ीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव 30 अक्टूबर को गाजीपुर का दौरा करेंगे। वे इस दौरान दिवंगत नेता रामकरन यादव के परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त करेंगे और सैदपुर विधायक अंकित भारती को विवाह के बाद आशीर्वाद देंगे।
एकदिवसीय इस दौरे के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव सपा नेता राजकुमार पांडेय के नारी पचदेवरा स्थित आवास पर भी जाएंगे। कुछ देर राजकुमार पांडेय के आवास पर समय बिताने के बाद वह आगे के कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
मालूम हो कि इससे पहले भी सपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार पांडेय की सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नजरों में अहमियत कई अवसरों पर जग जाहिर हो चुकी है। ऐसे में अपने व्यस्ततम कार्यक्रम के बीच सपा प्रमुख द्वारा राजकुमार पांडेय के आवास पर जाना जनपद के ब्राह्मण समाज को एक नया संदेश देने वाला साबित होगा। अखिलेश और शिवपाल का यह संयुक्त दौरा गाजीपुर में सपा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब हो कि राजकुमार पांडेय जनपद में समाज सेवा के लिए प्रख्यात हैं। उन्होंने क्षेत्र के कई गरीब, असहाय, जरूरतमंदों की लगातार मदद करने की मिसाल कायम की है। चाहे वह किसी गरीब की शादी हो या किसी जरूरतमंद के घर तेरहवीं का कार्यक्रम, मंदिर का जीर्णोद्धार हो या असहायों के इलाज के लिए मदद, हर जगह राजकुमार पांडेय एक कदम आगे बढ़कर मदद करने के लिए मशहूर हैं।






