Breaking News

Foto

गंगा घटाव की ओर.., बाढ़ पीड़ितों की मुसीबतें बरकरार; 102 स्कूल बंद

गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर घटना शुरू हो गया है। बीते कल से लगातार जलस्तर में कमी दर्ज की जा रही है। हालांकि, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अभी भी लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के अनुसार, गाजीपुर में शाम 6 बजे तक गंगा का जलस्तर 64.450 मीटर दर्ज किया गया। यहां 63.105 मीटर को खतरे का स्तर माना जाता है और 65.220 मीटर उच्च बाढ़ स्तर है। वर्तमान में गंगा के जलस्तर में 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घटाव देखा जा रहा है। बाढ़ से जिले की पांच तहसीलें प्रभावित हैं। इनमें सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद के तटवर्ती इलाके शामिल हैं। अभी भी 100 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। दो दर्जन से अधिक गांवों में आवागमन के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। किसानों के सैकड़ों बीघा खेत और फसलें जलमग्न हो गई हैं। कई गांवों के संपर्क मार्ग भी पानी में डूबे हुए हैं। जलस्तर में घटाव होने से आने वाले दिनों में स्थिति में सुधार की उम्मीद है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 102 बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालय 8 अगस्त तक बंद हैं। तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को जलस्तर घटने से आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें