Breaking News

Foto

सड़क हादसे में युवक की मौत

गाजीपुर। जनपद के जमानियां सर्किल के नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अंवती गांव के पास एक बाइक पर सवार पांच युवकों की पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान दसवंतपुर निवासी 18 वर्षीय मोनू वर्मा के रूप में हुई है। घायलों में पंकज वर्मा (20), शिवम (16), शेरू (14) और किशन (17) शामिल हैं। सभी युवक नगसर स्थित एक मिठाई की दुकान पर काम करते थे और हादसे के समय एक ही बाइक पर सवार होकर दुकान जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से पहले रेवतीपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान मोनू की मौत हो गई। मृतक मोनू की मां कौशल्या देवी गांव के प्राथमिक विद्यालय में रसोइया हैं और पिता संतोष वर्मा कबाड़ी का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें