Breaking News

Foto

बदला मौसम का मिजाज: आकाशीय बिजली गिरने से पति-पत्नी और मासूम की मौत, कई क्षेत्रों में गरज चमक के साथ बारिश

गाजीपुर। आज सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी तो कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को हल्की ठंडक का एहसास हुआ। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि आने वाले दिनों में हल्के बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी और आंधी की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेंटीग्रेड रहेगा। न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने की संभावना है। पश्चिमी हवाएं 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। गाजीपुर शहर के साथ-साथ मोहम्मदाबाद, जमानिया, दिलदारनगर, कासिमाबाद और मरदह में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं। इन क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी देखी गई, जबकि कहीं कहीं हल्की बारिश भी हुई।

आकाशीय बिजली ने पति-पत्नी और मासूम की ली जान:

वहीं दिलदारनगर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दिल्ली से होली मनाने आए एक परिवार के तीन सदस्यों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना दिलदारनगर थाना क्षेत्र के कर्मा गांव के लिंक मार्ग पर हुई। रविशंकर कुशवाहा अपनी पत्नी सरोज और 8 माह के बेटे अंकुश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। मुख्य मार्ग से गांव के लिंक मार्ग की तरफ मुड़ते ही तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। तीनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें दिलदारनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरे अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें