गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 'आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान' के तहत सैदपुर विधानसभा में पदयात्रा का आयोजन किया। इस पदयात्रा का नेतृत्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल और जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किया।
यह पदयात्रा टाउन नेशनल इंटर कॉलेज से शुरू हुई। इसमें शामिल लोग हाथों में तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति के नारे लगा रहे थे, जबकि आगे-आगे देशभक्ति गीत बज रहे थे। पदयात्रा जौहरगंज और सैदपुर थाना होते हुए तहसील गेट पर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुई। इसके बाद यह कौशिक उपवन मैरिज हॉल में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में एक सभा में परिवर्तित हो गई।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र के सम्मान और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहा। उनके नेतृत्व में देश की छोटी-छोटी रियासतें स्वेच्छा से भारत में शामिल हुईं। उन्होंने देशवासियों को एकता और अखंडता का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भारत के महापुरुषों का जीवन इतिहास देश की विरासत है, जो राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समृद्धि में सहायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विगत 65 वर्षों के शासन में कांग्रेस सरकार ने महापुरुषों की भावनाओं को कुचलने का काम किया। वहीं, 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश के महापुरुषों, उनके इतिहास और विचारधारा का सम्मान किया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सभा का संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, बृजेंद्र राय, भोनूराम सोनकर, दयाशंकर पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर, अखिलेश सिंह, संतोष चौहान, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, पूनम मौर्या, संतोष भारद्वाज और ओमकार मिश्र सहित कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।






