Breaking News

Foto

आरपीएफ जवानों की आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट..

ग़ाज़ीपुर। रेलवे ट्रैक के पास आरपीएफ जवानों के मिले शव मामले में पुलिस जीआरपी की मदद से छानबीन में जुटी हुई है। वहीं तहरीर के आधार पर गाज़ीपुर पुलिस ने हत्या कर शव फेंकने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुधवार की देर शाम आए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मृतक दोनों आरपीएफ जवानों की मौत चोट लगने की वजह से हुई थी। जावेद के शरीर पर कुल 7 चोट के निशान मिले हैं। वही प्रमोद के सिर में दो चोट पाई गई है। थानाध्यक्ष गहमर ने बताया कि हेड इंजरी की वजह से मौत होना पीएम रिपोर्ट में बताया गया है। मालूम हो कि एक दिन पूर्व जनपद के गहमर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास आरपीएफ जवानों का शव मिला था। एक पूरी तरह नग्न था जबकि दूसरा शव अर्धनग्न अवस्था में पाया गया। मृतकों में जहां एक गाजीपुर के जमानिया क्षेत्र का रहने वाला था वहीं दूसरा बिहार के आरा जनपद का निवासी बताया गया। बुधवार की शाम मृतक जावेद खान के शव के पोस्टमार्टम के बाद देवैथा गांव पहुचे शव को आरपीएफ के जवानों ने अंतिम सलामी दिया। इसके बाद कब्रिस्तान में दफन किया गया। इस दौरान सैकड़ों ग्राम वासियों शुभचिंतकों की आंखे नम हुई। एसपी गाज़ीपुर डॉ ईरज राजा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ ही विवेचना जारी है। गाजीपुर पुलिस और स्वाट टीम साक्ष्य संकलन और मौका मुआयना करते हुए छानबीन कर रही है। इसमें जीआरपी और आरपीएफ की भी मदद ली जा रही है। बताया कि मृतक दोनों आरपीएफ जवान डीडीयू जंक्शन में तैनात थे,और बाड़मेर गुवाहटी एक्सप्रेस से बिहार के मोकामा ट्रेनिंग सेंटर के लिये निकले थे। गहमर थाना क्षेत्र के बकैनिया मे दोनों के शव रेलवे ट्रैक के पास मिले थे। मृतक आरपीएफ जवान जावेद खान गाजीपुर जबकि प्रमोद सिंह बिहार के निवासी थे। मृतक जावेद का भाई तबरेज ने बताया कि ड्यूटी के लिए रात में गए थे। इसके बाद क्या हुआ इसकी हमें जानकारी नहीं है। घटना की जानकारी तब हुई जब किसी ने आकर उनका दूसरा नंबर मांगते हुए कहा कि जावेद का नंबर नहीं लग रहा है। हम लोगों ने भी प्रयास किया और तब तक हमें इस हादसे की जानकारी हुई। तबरेज ने कहा कि जिस तरह से उनके शव मिले हैं, निश्चित तौर पर उनके साथ कोई बड़ी वारदात हुई है। उन्होंने हत्या कर फेक जाने की आशंका जाहिर की। मालूम हो कि मंगलवार की सुबह डीडीयू से मोकामा जा रहे दो आरपीएफ जवानों का शव गहमर थाना अंतर्गत बकैनिया गांव के समीप रेलवे ट्रैक के पास मिला था। पुलिस को सूचना मिली कि 02 अज्ञात व्यक्तियों की ट्रेन से गिरकर कट जाने व चोट लगनें के कारण मृत अवस्था लाश पडी है। सूचना प्राप्त होनें के तुरन्त बाद प्रभारी निरीक्षक गहमर अशोक मिश्र टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। पुलिस अधीक्षक द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया और मौके पर उपस्थित अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी जमानियाँ, फी्ल्ड यूनिट गाजीपुर व आरपीएफ को छानबीन और शिनाख्त कराने के निर्देश दिये। आस- पास के लोगो से पूछ-ताछ किया गया तो शव की शिनाख्त नही हो सकी, जिसके बाद दोनों शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त हेतु मोर्चरी हाउस गाजीपुर में रखवाया गया। कुछ घण्टो बाद में दिलदारनगर के आरपीएफ एसआई राजीव कुमार द्वार बताया गया कि दोनों शव का शिनाख्त हो गया है। दोनों आरपीएफ के जवान है। बताया जा रहा है कि दोनों ही जवान डीडीयू से मोकामा के लिए ट्रेन संख्या 15631 बाड़मेर गुवाहाटी एक्सप्रेस से सोमवार की रात 12:50 पर डीडीयू से रवाना हुए थे जिनको सुबह 8:00 बजे मोकामा में रिपोर्टिंग करनी थी जहां से वह पुनः दिल्ली के लिए रवाना होते। दोनों आरपीएफ जवानों के मोकामा नहीं पहुंचने पर संबंधित विभाग के द्वारा डीडीयू आरपीएफ कमांडेंट को इसकी सूचना दी गई। वहीं विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा मिसिंग दोनों जवानों के मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए खोजबीन शुरू कर दी गई। दोनो जवानों का शव मंगलवार की सुबह गहमर थाना क्षेत्र के देवकली व बकैनिया गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर क्षत विक्षत हालत में मिला था। पुलिस ने बताया कि जवान जावेद खान का चेहरा व हाथ में गंभीर छोटे लगी थी। तो वहीं प्रमोद कुमार का शव पूरी तरह से नग्न अवस्था में ट्रैक किनारे झाड़ियां में मिला था।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें