गाजीपुर। पुलिस ने एक हत्या के मामले का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने दोस्त नीरज गुप्ता को गोमती नदी में धक्का देकर मार डाला था। कोतवाली पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह और उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में वांछित अभियुक्त सदानंद कुशवाहा को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। उसे छपरी रेलवे क्रॉसिंग से सुखदेवपुर की तरफ मऊ जाने वाले रास्ते के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त दो सिम कार्ड, एक मोबाइल फोन और मृतक नीरज गुप्ता का जियो कंपनी का एक सिम कार्ड बरामद किया है। बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पूछताछ में सदानंद कुशवाहा ने बताया कि 12 नवंबर 2025 की रात वह अपने घनिष्ठ मित्र नीरज गुप्ता (निवासी मिश्रबाजार, गाजीपुर) को लेकर अपने साथी सूरज गुप्ता, राहुल कुशवाहा और शेरू खान के साथ वाराणसी घूमने जा रहे थे। हालांकि, वे वाराणसी न जाकर कैथी टोल प्लाजा से पहले ही वापस लौट आए। गोमती नदी पुल पर पहुंचने पर नीरज ने फोटो खिंचवाने को कहा। पुल पर रुककर फोटो खींचते समय उनमें कहासुनी हो गई, क्योंकि सदानंद को छोड़कर सभी शराब के नशे में थे। इसी कहासुनी में सदानंद, राहुल कुशवाहा और शेरू खान ने मिलकर रात करीब 1 बजे नीरज को पुल से नदी में धक्का दे दिया। नीरज के नदी में गिरने के बाद वे सभी वहां से चले गए। सदानंद ने बताया कि उसने अपने मोबाइल से खींची गई तस्वीरें डिलीट कर दी थीं। नीरज का मोबाइल उसके पास ही था, जिससे सिम निकालकर उसने अपने पास रख लिया और मोबाइल तोड़कर कूड़ेदान में फेंक दिया। इस मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 982/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
20 hours ago
खबर
पुलिस पर पथराव का मामला, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण






