Breaking News

Foto

पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, हथियार बरामद

गाजीपुर। जिले के सादात थाना क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर नकबजन बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के तहत थानाध्यक्ष सादात अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक कुख्यात नकबजन बदमाश सादात थाना क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में है। यह बदमाश पहले भी कई चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए, थानाध्यक्ष सादात ने मिशन शक्ति टीम और चौकी प्रभारी मखदूमपुर को सूचित किया। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन सादात के पास एक जर्जर मकान के पास बदमाश को घेरने का प्रयास किया। खुद को घिरा देखकर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी सादात गाजीपुर भेजा। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी में उपयोग होने वाले सामान बरामद किए हैं। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें