गाजीपुर। जखनियां तहसील अंतर्गत ग्राम सभा रसूलपुर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में वोटर लिस्ट में दर्ज नामों को लेकर आपत्तियों पर एक खुली बैठक आयोजित की गई। यह बैठक ग्रामवासियों की शिकायत के आधार पर बुलाई गई थी। बैठक में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) नूतन आर्य, सुपरवाइजर, लेखपाल, कानूनगो और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। शिकायतकर्ता वीरेंद्र चौहान, जिला महामंत्री पिछड़ा मोर्चा, ने बताया कि ग्राम सभा की वोटर लिस्ट में बड़े स्तर पर कुछ अज्ञात लोगों के नाम दर्ज हैं। वीरेंद्र चौहान ने इस संबंध में बीएलओ को आपत्ति दर्ज कराई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए यह बैठक आयोजित की गई। संबंधित लोगों से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वोटर लिस्ट में शीघ्र संशोधन नहीं किया गया तो तहसील जखनियां का बड़े स्तर पर घेराव किया जाएगा। वहीं, ग्रामीण रूपनारायण चौहान ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा की वोटर लिस्ट में मूडरभा और मुबारक जैसे अन्य क्षेत्रों के लोगों के नाम शामिल हैं। उन्होंने इसे वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा बताया। इस मामले में ग्राम प्रधान कमलाकांत सिंह यादव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में आयोजित बैठक में ग्रामवासियों ने वोटर लिस्ट में दर्ज नामों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई हैं, जिन पर विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि ग्राम सभा में गलत लोगों के नाम पाए गए और उनके पास वैध दस्तावेज नहीं होंगे, तो उनके नाम काट दिए जाएंगे, जबकि सही नाम स्वतः बने रहेंगे। बीएलओ नूतन आर्य ने जानकारी दी कि वोटर लिस्ट में नामों को लेकर ग्रामवासियों द्वारा दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई गई है। इसी के तहत आज विद्यालय में बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि दावा और आपत्ति के लिए आधार कार्ड, कुटुंब परिवार रजिस्टर की नकल तथा निवास प्रमाण आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि इन दस्तावेजों के साथ आवेदन करने के लिए केवल दो दिन का समय शेष है। बैठक के बाद गांव में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज रही। ग्रामीणों ने पारदर्शी जांच और शुद्ध वोटर लिस्ट तैयार करने की मांग की है।
22 hours ago
खबर
सनबीम स्कूल महाराजगंज की कोऑर्डिनेटर सुभदा राय एजुकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित






