Breaking News

Foto

शिक्षक संघ ने की कुलपति से परीक्षा टालने की मांग

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ और पीजी कॉलेज शिक्षक संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन के शीतकालीन अवकाश के दौरान परीक्षा आयोजित करने के निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई है। बुधवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने पीजी कॉलेज, गाजीपुर के प्राचार्य डॉ. राघवेन्द्र पाण्डेय को कुलपति के नाम एक मांग पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। महाविद्यालय शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. मनोज कुमार सिंह और विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री (वरिष्ठ) डॉ. जे. के. राव ने अपने पत्र में बताया कि विश्वविद्यालय ने 25 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। उनका तर्क है कि अवकाश अवधि में परीक्षा आयोजित करना अवकाश की मूल भावना का उल्लंघन है। शिक्षकों का कहना है कि लगातार शिक्षण, मूल्यांकन और आंतरिक परीक्षाओं के बाद वे इस समय का उपयोग अपने परिवार और बुजुर्ग माता-पिता के साथ बिताने के लिए करते हैं। अवकाश के बीच में परीक्षा होने से उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक योजनाएं बाधित होंगी। इसके अलावा, अवकाश के दौरान वीक्षण (Invigilation) ड्यूटी पर लगाया जाना उनके अधिकारों का हनन है। शिक्षक संघ ने कुलपति से 6 जनवरी 2026 से प्रस्तावित परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि इन परीक्षाओं को 9 जनवरी 2026 के बाद आयोजित किया जाए। इससे शिक्षक बिना किसी मानसिक दबाव के अपने अवकाश का लाभ उठा सकेंगे और विश्वविद्यालय का कार्य भी सुचारु रूप से चलता रहेगा। इस अवसर पर शिक्षक संघ के विभिन्न सदस्य और महाविद्यालय के प्राध्यापक उपस्थित थे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें