रिपोर्ट- विनोद खरवार
ग़ाज़ीपुर/बिरनो। मरदह ब्लाक अंतर्गत रुक्कापुर प्राथमिक विद्यालय पर तैनात शिक्षक धर्मेंद्र कुमार के लगातार विद्यालय से गायब रहने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पीरथीपुर निवासी ग्रामीण सुरेश प्रसाद ने बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्यमंत्री पोर्टल सहित उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि संबंधित शिक्षक अक्सर बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित रहते हैं। इससे न केवल सरकारी विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि मासूम बच्चों के भविष्य के साथ भी सीधा खिलवाड़ किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक की लापरवाही के कारण विद्यालय में नियमित पठन-पाठन नहीं हो पा रहा है, जिसका प्रतिकूल असर छात्रों की पढ़ाई और शैक्षणिक स्तर पर पड़ रहा है। मामले को लेकर शिक्षा विभाग की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। मरदहके खंडशिक्षाअधिकारी दिनानाथ साहनी ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस तरह की किसी शिकायत की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस संबंध में शिकायत प्राप्त होती है तो पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि शिक्षा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी विद्यालयों में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






