Breaking News

Foto

दिव्यांग बच्चों ने हस्तनिर्मित वस्तुओं का मेला लगाया

गाजीपुर के विकास भवन परिसर में दिव्यांग बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं का मेला लगाया गया। इस मेले का आयोजन समर्पण संस्था द्वारा संचालित राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र, शास्त्री नगर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संतोष कुमार वैश्य ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव और जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी पारसनाथ यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। सीडीओ संतोष कुमार वैश्य ने इस दौरान कहा कि ये बच्चे दिव्यांग जरूर हैं, लेकिन इनके अंदर छिपी प्रतिभा आज देखने को मिली। उन्होंने सभी से इन बच्चों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

संस्था संरक्षिका सविता सिंह ने कहा कि वह जीवनपर्यंत दिव्यांगजनों की सेवा करती रहेंगी। उनका प्रयास है कि हर दिव्यांग आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सके। सदर विधायक जय किशन साहू ने मेले में आकर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने दिव्यांग बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए काफी खरीदारी भी की।

मेले में बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग, फ्लावर पॉट, पेंटिंग चादर, वॉल हैंगिंग, तोरण द्वार, टेडी बेयर और रंगीन दीपक मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। मां कवलपति हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. स्वतंत्र सिंह और सेवा आश्रम हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. डीपी सिंह ने भी दिव्यांग बच्चों द्वारा निर्मित वस्तुओं की खरीदारी की। इस अवसर पर बच्चा तिवारी, हरेंद्र विक्रम, व्यापारी संघ के अध्यक्ष रवि प्रकाश केशरी 'गुड्डू भैया', हरबंस यादव, बचनु यादव और यूनियन बैंक के एजीएम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मेले का नेतृत्व संस्था संरक्षिका सविता सिंह ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरनाथ गुप्ता ने तैयार की थी। इस दौरान अजीत गुप्ता, अशोक यादव, राजेश कुमार, सुशील कुमार पांडे, रागिनी सिंह, सुमित्रा सिंह, अनीता यादव, लक्ष्मी वर्मा, प्रभु नाथ, अफजाल और राजेश कुमार सहित शहर के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें