Breaking News

Foto

सैदपुर पुल से टकराया गंगा में बहता पीपा का पुल, आवाज सुनकर घरों से निकले लोग

ग़ाज़ीपुर। उफनाई गंगा नदी के तेज बहाव में मंगलवार की शाम मिर्जापुर जनपद से टूटकर बहते हुए एक दर्जन पीपे का पुल रात लगभग 1:30 सैदपुर चंदौली गंगापुल से टकराया। बहाव की तेज गति के साथ इसके टकराने से इतनी तेज आवाज हुई की पुल के पास स्थित निषाद बस्ती के लोग शोर मचाते हुए घरों के बाहर आ गए। कंक्रीट के पिलर से टकराने के बाद पीपा पुल दो भागों में बट गया। प्रशासन इसे लेकर अलर्ट तब हुआ जब मिर्जापुर से बहते हुए यह पीपा पुल वाराणसी के राजघाट पुल से जोरदार ढंग से टकराया। हालांकि ऐतिहातन राजघाट पुल पर यातायात टक्कर होने तक बंद रहा। इसके बाद गंगा नदी की धारा में आगे मैसेज करते हुए प्रशासन ने बलुआ, सैदपुर और जमानिया पुल के नजदीकी थाने को इसकी सूचना भेज दी। रात लगभग 12:00 बजे यह पीपे वाराणसी के चौबेपुर और चंदौली जनपद की बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बलुआ पुल से टकराये। इस दौरान पहले से ही प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए  उस दौरान पुल से यातायात बंद रखा। इसी प्रकार सैदपुर पुलिस ने भी पुल से यातायात बंद कर सतर्कता बढ़ा दी। पुलिस बल के साथ पुल पर इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह मौजूद रहे। आधी रात के बाद लगभग 1:30 बजे जैसे ही नदी में बहता हुआ पीपा पुल दिखा सभी सतर्क हो गये। तेज आवाज के साथ पिलर से जोरदार टक्कर के बाद जब पीपा पुल बहता हुआ आगे बढ़ा, तो प्रशासन ने राहत की सांस ली। सैदपुर पक्का पुल के पास स्थित निषाद बस्ती निवासी सुनील कुमार ने बताया कि रात लगभग 1:30 बजे इतनी तेज आवाज हुई की बस्ती के लोग डरकर शोर मचाते हुए घर के बाहर निकल आए। उन्हें लगा कि पुल पर कोई भारी वाहन आपस में टकरा गया है। ऊपर से पुलिस की टोर्च की रोशनी में देखा तो पिलर से टकराते हुए पीपा पुल का एक बड़ा टुकड़ा बाहर निकल रहा था। सैदपुर इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह ने बताया कि टक्कर से जोरदार आवाज हुई।पुल पर थोड़ा कंपन महसूस हुआ। उम्मीद है, इससे पुल को नुकसान नहीं हुआ होगा। फिर भी संबंधित विभाग इसकी जांच करेगा।


ज़रा इधर भी

अन्य खबरें